
Fire Mock Drill : देवनिका हॉस्पिटल में अग्निशमन सेवा सप्ताह के अवसर पर फायर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य अस्पताल कर्मियों और आम लोगों को आग से बचाव और आपातकालीन स्थितियों में सही कदम उठाने के प्रति जागरूक करना था।
मॉक ड्रिल का आयोजन डॉ. अनंत सिन्हा की मौजूदगी में किया गया, जबकि इसका नेतृत्व धुर्वा अग्निशमनालय के पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने किया। इस दौरान अस्पताल के सभी स्टाफ ने सक्रिय रूप से भाग लिया और आग लगने की स्थिति में बचाव के तरीकों का अभ्यास किया।
अधिकारियों ने बताया कि हर साल 10 से 20 अप्रैल तक अग्निशमन सेवा सप्ताह मनाया जाता है। यह सप्ताह उन फायर कर्मियों को श्रद्धांजलि देने के लिए समर्पित होता है, जिन्होंने अपने कर्तव्य के दौरान जान गंवाई। इसके साथ ही इस दौरान लोगों को आग से बचाव, दुर्घटनाओं की रोकथाम और जान-माल की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाता है।
कार्यक्रम में प्रखंड अग्निशमन पदाधिकारी गणेश कुमार, सहायक पदाधिकारी हंसराज चौबे और उमाशंकर सिंह सहित अन्य कर्मियों ने हिस्सा लिया और व्यावहारिक तरीके से फायर सेफ्टी के उपायों का प्रदर्शन किया।
इस तरह के मॉक ड्रिल से न केवल अस्पताल स्टाफ की तैयारी बेहतर होती है, बल्कि आम लोगों में भी सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ती है।

