

रांची: लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को कांके रोड डैम में श्रद्धा और भक्ति का अनोखा संगम देखने को मिला। अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए घाट पर बड़ी संख्या में छठ व्रती और श्रद्धालु पहुंचे। पूरा घाट छठी मैया के गीतों और भक्तिमय माहौल से गूंज उठा।
इस अवसर पर व्रती महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में पूजा की सामग्री लेकर घाट पहुंचीं। उन्होंने विधि-विधान के साथ छठी मैया और भगवान सूर्यदेव की पूजा-अर्चना की। इसके बाद पानी में खड़े होकर सूप में सजे फल, ठेकुआ और अन्य पारंपरिक प्रसाद के साथ डूबते सूर्य को संध्याकालीन अर्घ्य दिया।
अर्घ्य के दौरान श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। घाट पर जलते दीपों, छठ के पारंपरिक गीतों और श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कांके रोड डैम पर छठ महापर्व के दौरान आस्था, परंपरा और लोक संस्कृति की खूबसूरत झलक देखने को मिली।
इस आयोजन को सफल बनाने में राकेश, अमित, अंकित, वैभव, धीरज समेत उनके अन्य साथियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी ने मिलकर पूजा की व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग किया।


