पाकुड़ में छठ महापर्व की धूम, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब

पाकुड़ में लोक आस्था के महापर्व छठ पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए तालाबों और पोखरों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, आकर्षक लाइटिंग से सजे घाट।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पाकुड़: लोक आस्था का महापर्व छठ रविवार को पाकुड़ जिले में पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। छठ महापर्व के तीसरे दिन व्रतियों ने विभिन्न घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को संध्याकालीन अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान जिलेभर के छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।

शहर के कालीभसान पोखर, टीनबंगला पोखर और शिवशीतला मंदिर समेत जिले के दर्जनों तालाबों और पोखरों में छठ पूजा का आयोजन किया गया। व्रती महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सूप और दउरा में फल, ठेकुआ सहित अन्य पूजन सामग्री सजाकर घाटों पर पहुंचीं। इसके बाद विधि-विधान से भगवान सूर्य की पूजा कर उन्हें अर्घ्य दिया।

इस दौरान पूरा वातावरण छठी मैया के पारंपरिक गीतों से भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान भास्कर और छठी मैया से अपने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और स्वस्थ जीवन की कामना की।

छठ घाटों की खूबसूरती बढ़ाने के लिए पूजा समितियों की ओर से आकर्षक लाइटिंग और आतिशबाजी की व्यवस्था की गई थी। रंग-बिरंगी रोशनी से घाट जगमगा उठे और चारों ओर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

वहीं, श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। घाटों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे, ताकि व्रती और श्रद्धालु शांतिपूर्ण तरीके से पूजा संपन्न कर सकें।

गौरतलब है कि सोमवार को छठ महापर्व के अंतिम दिन व्रती उदीयमान सूर्य को प्रातःकालीन अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण होगा और चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो जाएगा।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।