होली से पहले रांची में मिलावटी मिठाइयों पर सख्ती, कई जगहों से सैंपल लिए गए

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : सोमवार को राजधानी रांची के विभिन्न इलाकों में खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापेमारी की। होली के त्योहार को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। राजधानी में मिलावटी पनीर, खोआ और मिठाइयों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। बूटी मोड़ और आसपास के थोक-खुदरा बाजार से पनीर, खोआ और विभिन्न मिठाइयों के सैंपल लिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि इस अभियान में सबसे अधिक सैंपल बूटी मोड़ क्षेत्र से एकत्रित किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं, लेकिन खुदरा बाजार में फैला नेटवर्क बड़ी चुनौती बना हुआ है, जहां छोटी दुकानों और अस्थायी विक्रेताओं के माध्यम से मिलावटी उत्पाद खपाए जाते हैं।
पिछले सप्ताह भी हिनू से बिरसा चौक तक चलाए गए जांच अभियान में नौ दुकानदारों पर मिलावट के आरोप में कार्रवाई की गई थी।
होली के दौरान मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है। मांग पूरी करने और मुनाफा बढ़ाने के लिए कुछ असामाजिक तत्व कृत्रिम और अवैध तरीके अपनाते हैं। पनीर बनाने में दूध की जगह स्किम्ड मिल्क पाउडर, स्टार्च, सिंथेटिक दूध या डिटर्जेंट मिश्रित घोल का इस्तेमाल किया जाता है।
इतना ही नहीं, कई मामलों में पनीर को अधिक सफेद और आकर्षक दिखाने के लिए रसायन मिलाए जाते हैं। बासी मिठाइयों को दोबारा तलकर ताजा बताकर बेचने के मामले भी सामने आते हैं। इसी तरह खोआ में वनस्पति घी, आलू का पेस्ट, मैदा या स्टार्च मिलाया जाता है। मिठाइयों में कृत्रिम रंग, सस्ते फ्लेवर और निम्न गुणवत्ता के तेल-घी का उपयोग किया जाता है।
इस तरह की मिलावट से बड़ी संख्या में लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने का खतरा बढ़ जाता है। होली में मिठाइयों की बढ़ती मांग को देखते हुए विभाग ने यह सख्त कदम उठाया है।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।