नेतरहाट में बनेगा एम्यूजमेंट पार्क, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : राज्य सरकार द्वारा लातेहार जिला स्थित नेतरहाट में एम्यूजमेंट पार्क का निर्माण किया जाएगा। यह पार्क जमशेदपुर स्थित निक्को जुबली पार्क की तर्ज पर तैयार किया जाएगा। राज्य सरकार के पर्यटन, कला संस्कृति एवं खेलकूद विभाग ने इसे लेकर लातेहार के उपायुक्त से प्रस्ताव मांगा है। इसके साथ ही उपायुक्त से एम्यूजमेंट पार्क के लिए उपयुक्त जमीन चिह्नित कर उसका प्रस्ताव देने को कहा गया है।

जमशेदपुर में स्थित निक्को जुबली पार्क राज्य का प्रमुख मनोरंजन केंद्र है, जिसे वर्ष 1958 में टाटा स्टील की ओर से बनाया गया था। यह पार्क अपने रोमांचक राइड्स, वाटर पार्क, बच्चों के खेल क्षेत्र, म्यूजिकल फाउंटेन और चिड़ियाघर के लिए प्रसिद्ध है।

वहीं, राज्य सरकार ने नेतरहाट को ‘ए’ श्रेणी के पर्यटक स्थल के रूप में अधिसूचित किया है। यहां पर्यटन के विकास के लिए नेतरहाट पर्यटन विकास प्राधिकार का भी गठन किया गया है। नेतरहाट राज्य का प्रमुख पर्यटन क्षेत्र है। पर्यटक मुख्य रूप से यहां के सनसेट को देखने आते हैं, जो काफी आकर्षक होता है। यहां राज्य का सबसे प्रतिष्ठित सरकारी विद्यालय नेतरहाट आवासीय विद्यालय भी स्थित है।

इधर, भारत सरकार ने स्वदेश दर्शन योजना के तहत नेतरहाट के पर्यटकीय विकास के लिए योजना की स्वीकृति प्रदान की है। इस योजना के तहत यहां के कोयल व्यू प्वाइंट एवं नेतरहाट लेक के पास पर्यटन सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। वहीं, राज्य सरकार ने नेतरहाट पर्यटन क्षेत्र के संपूर्ण विकास के लिए 43.08 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।

 

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।