
रांची: पद्म भूषण दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को रांची समाहरणालय में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और समाज सेवा का संदेश दिया। रक्तदान करने वालों में मुख्य रूप से रांची के जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन और उपविकास आयुक्त संजय भगत शामिल रहे। अधिकारियों ने कहा कि रक्तदान महादान है और स्वस्थ नागरिकों को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त मिल सके।
इस मौके पर अधिकारियों ने स्व. शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और राज्य निर्माण में उनके योगदान को याद किया। शिविर के दौरान कुल 28 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। सिकल सेल रोग से पीड़ित मरीजों ने उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री को गुलाब का फूल भेंट कर शिविर आयोजन के लिए जिला प्रशासन का धन्यवाद किया। रक्तदान करने वाले अपर जिला दण्डाधिकारी (नक्सल) सुदर्शन मुर्मू, जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज और जिला खेल पदाधिकारी शिवेन्द्र कुमार समेत सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

