
अगर आप जेईई एडवांस्ड 2026 के नोटिफिकेशन का इंतजार कर रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। इस वर्ष जेईई एडवांस्ड परीक्षा का आयोजन आईआईटी रुड़की द्वारा किया जाएगा। आईआईटी रुड़की ने जेईई एडवांस्ड 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया और परीक्षा कार्यक्रम की घोषणा कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार भारतीय छात्रों के लिए आवेदन प्रक्रिया 23 अप्रैल 2026 से शुरू होगी, जबकि विदेशी छात्रों के लिए पंजीकरण 6 अप्रैल 2026 से शुरू किया जाएगा। इच्छुक उम्मीदवार 2 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
जेईई एडवांस्ड के एडमिट कार्ड 11 मई से 17 मई 2026 के बीच डाउनलोड किए जा सकेंगे। अभ्यर्थी इस अवधि के दौरान आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in से अपना प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकते हैं। परीक्षा 17 मई 2026 को आयोजित की जाएगी।
यह परीक्षा एक ही दिन में दो अलग-अलग सत्रों में होगी। पहला पेपर सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित किया जाएगा, जबकि दूसरा पेपर दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगा।
बता दें कि आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का कक्षा 12वीं या समकक्ष परीक्षा में पहली बार 2025 या 2026 में शामिल होना आवश्यक है। उम्मीदवारों के लिए भौतिकी, रसायन और गणित विषय अनिवार्य होने चाहिए। वहीं, जो उम्मीदवार पहले किसी भी भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) में प्रवेश ले चुके हैं, वे जेईई एडवांस्ड परीक्षा देने के पात्र नहीं होंगे।
इसके अलावा केवल वही उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे, जिन्होंने जेईई मेन 2026 के पेपर-1 (बीई/बीटेक) में शीर्ष 2,50,000 रैंक के भीतर स्थान प्राप्त किया हो। यह नियम सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों पर लागू होगा। साथ ही किसी भी उम्मीदवार को जेईई एडवांस्ड परीक्षा में अधिकतम दो बार बैठने की अनुमति है और ये दोनों प्रयास लगातार दो वर्षों में होने चाहिए।
जेईई एडवांस्ड 2026 की परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। प्रश्नपत्र हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक छात्र आसानी से परीक्षा दे सकें।
