
बोकारो: धनबाद में लंबे समय से खौफ का पर्याय बन चुके गैंगस्टर प्रिंस खान अब बोकारो के कारोबारियों को भी निशाना बनाने की कोशिश में हैं। विदेश से अपने गिरोह को संचालित करने वाले प्रिंस खान ने बोकारो के एक बड़े व्यवसायी से मोटी रकम की रंगदारी मांगी है। पैसे न देने पर साइट पर बम से हमला कराने की धमकी दी है। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
व्यवसायी से मांगी रंगदारी
जानकारी के मुताबिक, बालीडीह औद्योगिक क्षेत्र में बीएमडब्ल्यू कंपनी से जुड़े व्यवसायी सुरेश सिंह को प्रिंस खान के नाम से धमकी दी गई। धमकी भरे पर्चे में साफ कहा गया कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इस धमकी के बाद व्यवसायी और उनके परिवार में डर का माहौल है।
साइट पर बम हमले की चेतावनी
धमकी भरे पर्चे में कहा गया कि अगर उसकी बात नहीं मानी गई, तो फैक्ट्री या साइट पर बम से हमला करा दिया जाएगा। घटना की जानकारी मिलने के बाद व्यवसायी ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस भी इस मामले को गंभीरता से लेकर जांच में जुट गई है।
विदेश से ऑपरेट कर रहा गैंग
बताया जा रहा है कि प्रिंस खान फिलहाल विदेश में बैठकर अपने गिरोह का संचालन कर रहा है। उसके गुर्गे झारखंड के कई जिलों में सक्रिय हैं और फोन कॉल या सोशल मीडिया के जरिए कारोबारियों से रंगदारी की मांग करते हैं। धनबाद में पहले भी कई व्यवसायियों को इसी तरह धमकी मिल चुकी है। अब बोकारो में इस तरह की घटना सामने आने से पुलिस के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है।
