Jharkhand News: झारखंड और आसपास के क्षेत्रों से रेल यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण नवंबर के आखिरी सप्ताह से दिसंबर के तीसरे सप्ताह तक रेल परिचालन प्रभावित रहेगा। इस दौरान 10 जोड़ी ट्रेनें अलग-अलग तारीखों पर रद्द रहेंगी। वहीं, कई ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है। कुछ ट्रेनों का आंशिक समापन और प्रारंभ भी होगा। इसके अलावा धनबाद-अल्लेपी एक्सप्रेस को नए समय पर चलाया जाएगा।

धनबाद रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी मनीष सौरव ने इसकी जानकारी दी। रेलवे ने यात्रियों से सफर शुरू करने से पहले ट्रेनों की ताजा स्थिति जांचने की अपील की है।

इन ट्रेनों के रूट में किया गया बदलाव
नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते दो लंबी दूरी की ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाने का निर्णय लिया गया है।
- ट्रेन संख्या 22805 भुवनेश्वर-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस: 12 दिसंबर 2026 को कटक-भद्रक-हिजली-मेदिनीपुर-आद्रा-ने.सु.च. जंक्शन गोमोह होकर चलेगी।
- ट्रेन संख्या 22806 आनंद विहार टर्मिनल-भुवनेश्वर एक्सप्रेस: 14 और 21 दिसंबर 2026 को ने.सु.च. जंक्शन गोमोह-आद्रा-मेदिनीपुर-हिजली-भद्रक-कटक होकर चलेगी।
मौर्य एक्सप्रेस का हटिया तक होगा आंशिक समापन
रेलवे के अनुसार, 30 नवंबर, 6 दिसंबर और 8 से 15 दिसंबर 2026 तक ट्रेन संख्या 15028 गोरखपुर-संबलपुर मौर्य एक्सप्रेस का आंशिक समापन हटिया स्टेशन पर किया जाएगा।
वहीं, ट्रेन संख्या 15027 संबलपुर-गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस 1 दिसंबर, 7 दिसंबर और 9 से 16 दिसंबर 2026 तक हटिया स्टेशन से आंशिक रूप से रवाना होगी।
धनबाद-अल्लेपी एक्सप्रेस 90 मिनट देर से चलेगी
12 दिसंबर 2026 को धनबाद से खुलने वाली ट्रेन संख्या 13351 धनबाद-अल्लेपी एक्सप्रेस को निर्धारित समय से 90 मिनट की देरी से रवाना किया जाएगा। यात्रियों को इस बदलाव को ध्यान में रखकर अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।
शालीमार-LTT के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन
छठ महापर्व के बाद ट्रेनों में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने शालीमार और लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) के बीच एक-एक फेरे के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
ट्रेन संख्या 08060 शालीमार-LTT स्पेशल 19 नवंबर 2026 को रात 9 बजे शालीमार से रवाना होगी। यह ट्रेन सांतरागाछी, खड़गपुर, टाटानगर, चक्रधरपुर, राउरकेला, झारसुगुड़ा, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, गोंदिया, नागपुर, वर्धा, बडनेरा, अकोला, मलकापुर, भुसावल, नासिक रोड, इगतपुरी, कल्याण और ठाणे होते हुए अगले दिन सुबह 6:10 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 08059 LTT-शालीमार स्पेशल 21 नवंबर 2026 को सुबह 11:10 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस से रवाना होगी और उसी दिन रात 9 बजे शालीमार पहुंचेगी।


