जामताड़ा में 60 दिनों तक चलेगा जागरूकता अभियान
जामताड़ा जिला समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह और वन प्रमंडल पदाधिकारी मोहित कुमार बंसल ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस दौरान अधिकारियों ने जागरूकता संबंधी लीफलेट का विमोचन किया और प्रचार-प्रसार के लिए जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उपायुक्त ने उपस्थित पदाधिकारियों और कर्मचारियों को तंबाकू का सेवन नहीं करने की शपथ भी दिलाई।
जिले में यह अभियान अगले 60 दिनों तक चलाया जाएगा। इस दौरान युवाओं के साथ-साथ आम लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया जाएगा और उन्हें इस लत से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
लातेहार में रैली और नुक्कड़ संवाद से दिया नशामुक्ति का संदेश

दूसरी ओर, लातेहार में उपायुक्त संदीप कुमार के निर्देश पर झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत नशामुक्ति एवं तंबाकू निषेध अभियान चलाया गया।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को तंबाकू से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही जागरूकता रैली निकालकर लोगों को नशे से होने वाले नुकसान के बारे में बताया गया।
अभियान के तहत सार्वजनिक स्थलों और दुकानों पर तंबाकू निषेध से जुड़े पोस्टर लगाए गए। वहीं स्कूलों और हाट-बाजारों में नुक्कड़ संवाद आयोजित कर लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक किया गया।
जामताड़ा और लातेहार में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को तंबाकू की लत से बचाना और समाज में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है। प्रशासन की ओर से जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को तंबाकू छोड़ने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संदेश दिया जा रहा है।


