हजारीबाग ने खोया अपना राजनीतिक मार्गदर्शक! पूर्व सांसद महावीर लाल विश्वकर्मा के निधन से शोक की लहर

हजारीबाग के पूर्व सांसद और वरिष्ठ शिक्षाविद् महावीर लाल विश्वकर्मा का 90 वर्ष की आयु में निधन, वर्तमान सांसद मनीष जायसवाल समेत कई जनप्रतिनिधियों ने जताया गहरा शोक।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
Hazaribagh News : हजारीबाग के पूर्व सांसद महावीर लाल विश्वकर्मा का 90 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने बुधवार देर रात करीब एक बजे अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि वह पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। उनके निधन की खबर सामने आते ही हजारीबाग के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

1952 से शुरू हुआ था सार्वजनिक जीवन का सफर

महावीर लाल विश्वकर्मा का जन्म 1 जनवरी 1936 को हजारीबाग के नूरा मोहल्ले में हुआ था। वह एक राजनीतिज्ञ होने के साथ-साथ शिक्षाविद् भी थे। वर्ष 1952 में वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े थे और हजारीबाग में संघ के संस्थापक सदस्यों में उनकी गिनती होती थी।

1996 में बने थे हजारीबाग के सांसद

महावीर लाल विश्वकर्मा ने वर्ष 1996 में 11वीं लोकसभा के चुनाव में हजारीबाग संसदीय क्षेत्र से जीत दर्ज की थी। उन्होंने 1996 से 1998 तक सांसद के रूप में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। इससे पहले वह बिहार विधान परिषद के सदस्य भी रह चुके थे। राजनीति के अलावा शिक्षा और सामाजिक गतिविधियों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही।

सांसद मनीष जायसवाल ने जताया दुख

उनके निधन पर वर्तमान सांसद मनीष जायसवाल ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने महावीर लाल विश्वकर्मा को सादगी, ईमानदारी और सार्वजनिक जीवन की शुचिता का प्रतीक बताते हुए कहा कि उनका निधन हजारीबाग के लिए अपूरणीय क्षति है।

मनीष जायसवाल ने उनके साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों और मार्गदर्शन को याद करते हुए कहा कि चुनावी अभियानों की शुरुआत में उनका आशीर्वाद लेना एक विशेष परंपरा रही थी।

इसके अलावा विधायक प्रदीप प्रसाद, मनोज यादव, रोशनलाल चौधरी और भाजपा नेता प्रकाश दयाल समेत कई जनप्रतिनिधियों ने भी उनके निधन पर शोक जताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।