रांची : गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरु नानक हायर सेकेंडरी स्कूल में ‘सिखिज्म – विरसा, इतिहास ते शान’ विषय पर अंतर-सदनीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यालय के चार सदनों—एलाइव अमृत, ब्लिसफुल बानी, काइनेटिक खालसा और सोल सेवा ने भाग लिया। प्रतियोगिता में सिख धर्म के इतिहास, गुरु साहिबान के जीवन-दर्शन, धार्मिक परंपराओं एवं शिक्षाओं से संबंधित प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में सोल सेवा सदन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता टीम में मनप्रीत कौर, सिमरनजीत कौर, रणजीत सिंह और परमीत सिंह शामिल थे। इस अवसर पर प्राचार्या डॉ. (कैप्टन) सुमित कौर, हेड मिस्ट्रेस हरप्रीत कौर तथा प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरबिंदर सिंह लाली सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को सिख धर्म की समृद्ध विरासत से परिचित कराने के साथ सेवा, समानता, मानवता और भाईचारे के मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा दी।



