जामताड़ा में शादी समारोह में अचानक फटी कॉफी मशीन, 10 साल के बच्चे समेत 6 घायल, मची अफरा-तफरी

जामताड़ा के मिहिजाम में शादी समारोह के दौरान कॉफी मशीन में जोरदार विस्फोट से छह लोग घायल हो गए। घायलों में एक 10 वर्षीय बच्चा भी शामिल है।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जामताड़ा : जामताड़ा के मिहिजाम नगर स्थित बजरापाड़ा इलाके में एक शादी समारोह के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मेहमानों के लिए लगाई गई कॉफी मशीन अचानक जोरदार धमाके के साथ फट गई। इस हादसे में छह लोग घायल हो गए। घायलों में एक 10 वर्षीय बालक भी शामिल है। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि समारोह में मौजूद मेहमानों के बीच दहशत फैल गई। कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, बजरापाड़ा निवासी मोहम्मद रजाक के घर शादी समारोह का आयोजन किया गया था। इसमें बड़ी संख्या में रिश्तेदार और मेहमान शामिल हुए थे। मेहमानों की सुविधा के लिए समारोह स्थल पर कॉफी मशीन लगाई गई थी। बुधवार शाम करीब आठ बजे कुछ लोग कॉफी लेने के लिए स्टॉल के पास पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक मशीन में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके के साथ मशीन के टुकड़े आसपास खड़े लोगों को जा लगे, जिससे छह लोग घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया और सभी घायलों को नजदीकी संस्कार नर्सिंग होम पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। राहत की बात यह रही कि उपचार के बाद सभी घायलों को छुट्टी दे दी गई। घायलों में जामताड़ा और मधुपुर के रहने वाले लोग शामिल बताए जा रहे हैं।

हाई वोल्टेज की वजह से हुआ विस्फोट

वहीं, कॉफी मशीन का संचालन कर रहे प्रकाश कुमार ने हादसे की वजह बिजली के हाई वोल्टेज को बताया है। उनका कहना है कि अचानक वोल्टेज बढ़ने के कारण मशीन में खराबी आई और वह धमाके के साथ फट गई। हालांकि, मशीन में विस्फोट कैसे हुआ, इसकी वास्तविक वजह की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।