झारखंड SIR 2026, रांची में 1.23 लाख मामले अब भी लंबित, हटिया सबसे पीछे; 30 नवंबर को आएगी अंतिम वोटर लिस्ट

Neeral Prakash
7 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR-2026 की प्रक्रिया अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। रांची जिले में 30 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होनी है, लेकिन इससे पहले अधिकारियों के सामने 1 लाख 23 हजार 582 लंबित मामलों के निपटारे की बड़ी चुनौती है। सबसे खराब स्थिति हटिया विधानसभा क्षेत्र की है, जहां 36 हजार से ज्यादा मामले अब भी लंबित हैं। वहीं, तमाड़ विधानसभा क्षेत्र ने निपटारे के मामले में बेहतर प्रदर्शन किया है। आखिर रांची जिले में किस विधानसभा क्षेत्र की क्या स्थिति है और अंतिम वोटर लिस्ट जारी होने के बाद मतदाता क्या कर सकते हैं? देखिए यह रिपोर्ट।

SIR की समयसीमा और जिले की स्थिति

झारखंड में SIR-2026 की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। रांची जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में कुल 19 लाख 79 हजार 987 मतदाता दर्ज हैं। इनमें से 18 लाख 56 हजार 405 मतदाताओं की प्रक्रिया पूरी कर उन्हें अंतिम प्रकाशन के लिए पार्क किया जा चुका है। यानी करीब 93.76 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।

हालांकि, अभी भी 1 लाख 23 हजार 582 मामले ERO और AERO स्तर पर लंबित हैं। अधिकारियों को 23 नवंबर तक सभी लंबित मामलों का निपटारा करने का लक्ष्य दिया गया है। इसके बाद 30 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

 हटिया और रांची में सबसे ज्यादा लंबित मामले

लंबित मामलों की बात करें तो हटिया विधानसभा क्षेत्र सबसे आगे है। यहां 36 हजार 482 मामले अभी भी निपटारे का इंतजार कर रहे हैं। दूसरे नंबर पर रांची विधानसभा क्षेत्र है, जहां 23 हजार 755 मामले लंबित हैं।

वहीं, कांके में 21 हजार 273, खिजरी में 17 हजार 453 और मांडर में 11 हजार 436 मामले लंबित हैं। सिल्ली में 7 हजार 750 और तमाड़ में 5 हजार 433 मामले अभी बाकी हैं।

छह लाख से ज्यादा नोटिस जारी

SIR प्रक्रिया के तहत रांची जिले में कुल 6 लाख 44 हजार 71 नोटिस जारी किए गए थे। इनमें 4 लाख 35 हजार 270 नोटिस लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी और 2 लाख 8 हजार 801 नोटिस नो मैपिंग से जुड़े थे।

अब तक लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी के 87.97 प्रतिशत और नो मैपिंग के 66.90 प्रतिशत मामलों को अंतिम प्रकाशन के लिए पार्क किया जा चुका है।

नोटिस जारी करने के मामले में हटिया सबसे आगे रहा, जहां 1 लाख 38 हजार 523 नोटिस दिए गए। इसके बाद कांके में 1 लाख 31 हजार 512 और मांडर में 1 लाख 35 नोटिस जारी हुए।

रांची में 95 हजार 581, खिजरी में 95 हजार 94, तमाड़ में 44 हजार 241 और सिल्ली में 39 हजार 85 नोटिस जारी किए गए।

नो मैपिंग और लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी में तमाड़ का बेहतर प्रदर्शन

नो मैपिंग के मामलों के निपटारे में तमाड़ विधानसभा क्षेत्र सबसे आगे है। यहां जारी 9 हजार 91 नोटिस में से 7 हजार 25 मामलों की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।

कांके में 72.59 प्रतिशत और मांडर में 72.24 प्रतिशत मामलों का निपटारा किया गया है। वहीं, हटिया में 59 हजार 411 नोटिसों में से 37 हजार 351 मामलों को ही अंतिम प्रकाशन के लिए पार्क किया गया है।

लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी के मामलों में भी तमाड़ ने बेहतर प्रदर्शन किया है। यहां 91.33 प्रतिशत मामलों का निपटारा हो चुका है। मांडर में 90.79 प्रतिशत, कांके में 90.02 प्रतिशत और खिजरी में 89.16 प्रतिशत काम पूरा हुआ है।

वहीं, हटिया इस श्रेणी में भी सबसे पीछे है। यहां 79 हजार 112 नोटिसों में से 65 हजार 464 मामलों की प्रक्रिया पूरी हुई है। यह कुल मामलों का 82.75 प्रतिशत है।

लापरवाही पर अधिकारियों को शो-कॉज

SIR की प्रगति को लेकर रांची के डीसी मंजूनाथ भजंत्री लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को 23 नवंबर तक लंबित मामलों का निपटारा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

काम में लापरवाही बरतने के मामले में बुंडू के एलआरडीसी और अंचल अधिकारी से शो-कॉज भी किया गया है। डीसी ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयसीमा में काम पूरा नहीं करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अंतिम वोटर लिस्ट जारी होने के बाद मतदाता क्या करें?

अब सवाल है कि 30 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद मतदाताओं को क्या करना चाहिए? सबसे पहले मतदाता अपना नाम, मतदान केंद्र और अन्य जानकारियां अंतिम सूची में जरूर जांच लें। अगर किसी योग्य नागरिक का नाम सूची में नहीं है, तो वह नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकता है।

यदि ERO नाम जोड़ने का आवेदन खारिज करता है या नाम हटाने का आदेश देता है, तो संबंधित व्यक्ति अपील कर सकता है। इसके लिए निर्णय की जानकारी मिलने के 15 दिनों के भीतर DEO या CEO के समक्ष अपील करने का विकल्प दिया गया है।

वहीं, जिन लोगों के आवेदन पहले से लंबित हैं, उन्हें बार-बार नया आवेदन करने के बजाय पुराने आवेदन के रेफरेंस नंबर के आधार पर ERO से लिखित स्थिति मांगनी चाहिए। खास बात यह है कि अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद भी योग्य नागरिकों के लिए नाम जुड़वाने का विकल्प खुला रहेगा। इसके लिए जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 23 के तहत आवेदन किया जा सकता है।

फिलहाल रांची जिला प्रशासन के सामने 23 नवंबर तक 1 लाख 23 हजार से ज्यादा लंबित मामलों को निपटाने की चुनौती है। अब देखना होगा कि हटिया, रांची और कांके जैसे विधानसभा क्षेत्रों में काम की रफ्तार कितनी तेज होती है और क्या प्रशासन तय समयसीमा के भीतर सभी मामलों का निपटारा कर पाता है। अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर को प्रकाशित होगी। इसलिए सभी मतदाता समय रहते अपना नाम और अन्य विवरण जरूर जांच लें।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।