दिल्ली: रोहिणी में ऋण दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले कॉल सेंटर का भंडाफोड़, छह गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने रोहिणी में फर्जी लोन कॉल सेंटर का भंडाफोड़ कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरोह पर कम ब्याज पर कर्ज दिलाने का झांसा देकर 10.15 लाख रुपये ठगने का आरोप है।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने रोहिणी के रमेश नगर मेट्रो स्टेशन के पास एक इमारत में एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है जो कर्ज दिलाने के नाम पर लोगों के साथ कथित रूप से ठगी करता था और इस बाबत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। रोहिणी के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) शशांक जयसवाल ने बताया कि गिरोह ने एक वित्तीय कंपनी का प्रतिनिधि बनकर दिल्ली के एक निवासी से कथित तौर पर 10.15 लाख रुपये की ठगी की। आरोपियों ने उसे कम या शून्य ब्याज दर पर 20 लाख रुपये का ऋण दिलाने का झांसा दिया था।

उन्होंने बताया कि आरोपियों ने विजय विहार निवासी शिकायतकर्ता विकास को ऋण दिलाने की प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर बीमा और प्रसंस्करण शुल्क जमा कराने के लिए राजी किया। हालांकि, रकम मिलने के बाद उन्होंने उससे संपर्क करना बंद कर दिया। इस संबंध में 17 नवंबर को विजय विहार थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान टीम ने तकनीकी निगरानी और साइबर माध्यमों की मदद से आरोपियों की ऑनलाइन गतिविधियों का पता लगाया और अवैध कॉल सेंटर तक पहुंची।

डीसीपी ने बताया कि विशिष्ट सूचना के आधार पर टीम ने 17 नवंबर को रमेश नगर मेट्रो स्टेशन के पास स्थित परिसर में छापा मारकर छह लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें 32 वर्षीय एक महिला भी शामिल है, जो कथित तौर पर टीम का नेतृत्व करती थी। इसके अलावा जतिन (24) को भी गिरफ्तार किया गया, जो कॉल सेंटर का प्रबंधन करता था। अन्य आरोपियों की पहचान नीरज (39), आकाश (28), सनी (34) और दया प्रसाद (34) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ये सभी कॉल सेंटर में ‘टेली-कॉलर’ के रूप में काम करते थे। जांच में पता चला कि कॉल सेंटर में कामकाज के लिए एक व्यवस्थित ढांचा बनाया गया था। इसमें एक प्रबंधक और टीम प्रमुख टेली-कॉलरों की निगरानी करते थे। टेली-कॉलर कथित तौर पर लिखित में प्रदान की गई बातचीत के प्रारूप के जरिए लोगों को आकर्षक ब्याज दरों पर ऋण देने का लालच देते थे। पुलिस ने परिसर से तार वाले लैंडलाइन फोन, फिक्स्ड वायरलेस टर्मिनल, वाई-फाई राउटर, मोबाइल फोन और नोटबुक सहित कई सामान बरामद किए हैं।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।