सीबीआईसी ने 35 आईआरएस अधिकारियों के तबादले किए, पुरी के पूर्व निजी सचिव द्विवेदी दिल्ली में तैनात

सीबीआईसी ने 35 आईआरएस अधिकारियों के तबादले और पदस्थापन किए हैं। हरदीप सिंह पुरी के पूर्व निजी सचिव रसाल द्विवेदी को दिल्ली जीएसटी एवं केंद्रीय उत्पाद शुल्क क्षेत्र में अतिरिक्त आयुक्त नियुक्त किया गया।

Archana Ekka
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली : भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के अधिकारी रसाल द्विवेदी को दिल्ली जीएसटी एवं केंद्रीय उत्पाद शुल्क क्षेत्र में अतिरिक्त आयुक्त नियुक्त किया गया है। वह पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी के निजी सचिव के रूप में काम कर चुके हैं। केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) ने 35 अतिरिक्त और संयुक्त आयुक्त के तबादले एवं पदस्थापन किए हैं।

साल 2011 बैच के अधिकारी द्विवेदी उन चार अधिकारियों में शामिल हैं, जो प्रतिनियुक्ति से वापस लौटे हैं। वित्त मंत्रालय के राजस्व विभाग ने पांच नवंबर को कार्यालय आदेश संख्या 153/2026 जारी कर ये नियुक्तियां की हैं। कुल 35 अधिकारियों में 2016 बैच के 22 संयुक्त आयुक्त को उसी स्थान पर पदोन्नति के साथ तैनाती दी गई है, जबकि नौ सेवारत अधिकारियों का तबादला किया गया है। द्विवेदी सहित चार अधिकारी प्रतिनियुक्ति से लौटे हैं। इनमें पांच अतिरिक्त आयुक्त और 30 संयुक्त आयुक्त हैं।

कुल 17 अधिकारियों को जीएसटी एवं केंद्रीय उत्पाद शुल्क क्षेत्रों में तैनात किया गया है। इनमें मुंबई और चेन्नई में तीन-तीन अधिकारियों की नियुक्ति हुई है। शेष 18 अधिकारियों को विभिन्न निदेशालयों और अन्य कार्यालयों में भेजा गया है।पांच नवंबर  के आदेश में कहा गया है कि अधिकारियों को तत्काल कार्यमुक्त किया जाए और वे 19 नवंबर या उससे पहले अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार संभालें। पेट्रोलियम मंत्रालय ने द्विवेदी को 15 सितंबर को कार्यमुक्त कर दिया था। उनकी सात साल की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पूरी हो गई थी।

द्विवेदी 2019 में मुंबई सीमा शुल्क विभाग से प्रतिनियुक्ति पर वाणिज्य विभाग में आए थे। उस समय वह वहां उपायुक्त थे। मार्च, 2021 में सरकार ने पुरी के निजी सचिव के रूप में उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी थी। उस समय पुरी के पास आवास एवं शहरी  मामलों, नागर विमानन और वाणिज्य मंत्रालयों का प्रभार था। द्विवेदी को उप सचिव स्तर पर नियुक्त किया गया था। आदेश के अनुसार, पदोन्नत किए गए सभी 22 अधिकारी 2016 बैच के हैं। उन्हें मुंबई, चेन्नई, अहमदाबाद, नागपुर और दिल्ली के जीएसटी एवं केंद्रीय उत्पाद शुल्क क्षेत्रों के अलावा विभिन्न निदेशालयों में तैनात किया गया है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।