पलक्कड़ : 18 नवंबर (भाषा) केरलम विधानसभा में विपक्ष के नेता पिनरायी विजयन ने बुधवार को राज्य में सबसे पिछड़ी आदिवासी बस्तियों में से एक, अट्टापाडी का दौरा किया तथा उन माता-पिता से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी, जिनके छोटे बच्चों की मौत हो गयी है।

उत्तरी पलक्कड़ जिले में अट्टापाडी मुख्य रूप से एक आदिवासी क्षेत्र है तथा वहां हाल के महीनों में स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न समस्याओं के कारण कई शिशुओं की मौत हुई है। विजयन ने मुक्काली में राजी के घर जाकर उससे मुलाकात की एवं उसे सात्वंना दी। राजी के नवजात बच्चे की हाल में मृत्यु हो गई थी। इस दौरान विजयन के साथ पूर्व मंत्री पी. प्रसाद एवं एम. बी. राजेश तथा उनकी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के अन्य स्थानीय नेता भी मौजूद थे।

माकपा ने आरोप लगाया कि राज्य में कांग्रेस नीत नयी संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार के सत्ता में आने के बाद पूरी स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है। उसने दावा किया कि अधिकारियों ने अट्टापाडी में चल रही सामुदायिक रसोई भी बंद कर दी है। विजयन का यह दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब केरल राज्य मानवाधिकार आयोग ने स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सा शिक्षा निदेशालय को निर्देश दिया है कि वे अट्टापाडी में हाल में हुई शिशुओं की मौतों के कारणों की जांच के लिए अलग-अलग विशेषज्ञ दल गठित करें।
बच्चों की मौत की खबरों के बाद, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने आदिवासी क्षेत्र में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाने की घोषणा की। हाल में अट्टापाडी के अपने दौरे के दौरान, मंत्री ने स्वास्थ्य कर्मियों और स्थानीय प्रतिनिधियों से बातचीत करके ज़मीनी हालात का जायजा लिया तथा कोट्टाथारा ट्राइबल स्पेशलिटी अस्पताल के कामकाज की समीक्षा की।


