रामगढ़ : रामगढ़ जिले में बुधवार को एक दुखद हादसा हुआ। चूना भट्ठा तालाब में नहाने के दौरान दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान 13 वर्षीय शिवम कुमार पासवान और 15 वर्षीय छोटू पासवान के रूप में हुई है। दोनों बिहार के औरंगाबाद के रहने वाले थे।

जानकारी के अनुसार, दोनों किशोर अपने परिवार के साथ छठ पर्व मनाने रामगढ़ की सिरका कोलियरी आए थे। उनके एक रिश्तेदार जीएम कार्यालय में निजी सुरक्षा गार्ड के पद पर काम करते हैं। बुधवार को घर में पानी नहीं होने के कारण परिवार के लोग तालाब में नहाने गए थे। इसी दौरान छोटू गहरे पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसका चचेरा भाई शिवम भी तालाब में उतर गया। लेकिन दोनों पानी में डूब गए।

परिजनों ने काफी कोशिश के बाद दोनों को बाहर निकाला और रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है।


