मधुबन मोक्षधाम पर जलती एक चिता के धुएं में राजस्थान की पत्रकारिता के इतिहास के पन्नों का ताप था

वरिष्ठ पत्रकार ओम थानवी ने राजस्थान पत्रिका के पूर्व प्रबंध निदेशक लक्ष्मीनारायण शर्मा को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने संस्थान के निर्माण, विस्तार, तकनीकी विकास और पत्रकारिता में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया।

Archana Ekka
5 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

ओम थानवी

लक्ष्मीनारायण शर्मा (90) पत्रकार नहीं थे। मगर राजस्थान पत्रिका संस्थान को स्थापित करने में संस्थापक कर्पूरचंद्र कुलिश के बाद उनका नाम आता था। पत्रिका के तीसरे स्तंभ विजय भंडारी थे। 1986 में साठ साल के होने पर कुलिशजी ने संपादक पद त्याग दिया था। संस्थान उनका था। मगर प्रबंध निदेशक पद भी उन्होंने त्याग दिया।

जिन लक्ष्मीनारायणजी को हम जीएम सा’ब नाम से जानते थे, वे पत्रिका समूह के प्रबंध निदेशक हो गए और विजय भंडारी संपादक। जबकि लोग सोचते थे वे ज़िम्मेदारियाँ कुलिशजी के दोनों पुत्र — गुलाब कोठारी और मिलाप कोठारी — सँभालेंगे।जयपुर में पढ़ाई कर रहे शर्माजी कुलिशजी के साथ तभी से थे, जब 1956 में राजस्थान पत्रिका शाम के अख़बार की शक्ल में शुरू हुआ। बाद में वे पूरी तरह उससे जुड़ गए। भंडारीजी आरंभ में संवाददाता के रूप में जुड़े। भंडारीजी ने अपने संस्मरणों (“भूलूँ कैसे”) में लिखा है कि कुलिशजी के बाद पत्रिका समूह में “नम्बर टू” सदा लक्ष्मीनारायणजी ही थे।

मैंने 1980 में जब पत्रिका में काम शुरू किया, तीनों ‘स्तम्भ’ एक कमरे में एक ही बड़ी टेबल के गिर्द बैठते थे। शर्माजी और भंडारीजी अग़ल-बग़ल। कुलिशजी के आने पर भंडारीजी सामने आ बैठते। वह पत्रिका के विस्तार का दौर था। जोधपुर और उदयपुर संस्करण निकले। फिर बीकानेर, जिसका ज़िम्मा मुझे मिला। गुलाबजी और मिलापजी को स्वतंत्र अनुभव के लिए उदयपुर और जोधपुर का प्रबंधन सौंपा गया। उन दिनों मिलापजी लिखने में ज़्यादा रुचि लेते थे, गुलाबजी छायाकारी में। शर्माजी नए संस्करणों के लिए आर्थिक प्रबंध से लेकर ज़मीन, भवन निर्माण, नियुक्तियों से लेकर मुक़दमों तक के काम देखते थे। हँसते कम थे, पर दिल से बहुत नरम थे। बीमार तक मदद पहुँचाना, ऋण दिलवाना, अग्रिम वेतन (जो अशोक शास्त्री और मैं हर माह लेते) और अन्य सुविधाओं में उदार थे। ऐसे मानवीय पहलू प्रबंधन की तरफ़ के लोगों में कम मिलते हैं।

पत्रिका का कंप्यूटरीकरण, ऑफ़्सेट छपाई और अन्य तकनीकी विकास उनकी देखरेख में होते रहे। फ़ैक्स मशीन आई तो हम चमत्कृत होकर धीमी गति से फ़ोटो का काग़ज़ पर उतरना देखते थे। पैंतीस साल बाद मैं जयपुर लौटा तो शर्माजी और भंडारीजी दोनों से मिलता रहा। बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और रोज़गार आदि के बारे में जानकर वे किसी अभिभावक की तरह ख़ुश होते थे। मिहिर से भी संपर्क हुआ।शर्माजी से मैं कुछ रोज़ पहले ही मिलकर आया था। पुनर्निर्माण के बाद वे अपने घर में लौटे थे। उन्होंने  बड़े बेटे के निधन, पोती के विदेश में अध्ययन, विवाह, पोतों की वकालत आदि के बारे में विस्तार से बात की।

मैंने याद किया कि पहले 1985 में उनकी बेटी के विवाह के समय मैं इस घर में आया था। मुझे तारीख़ याद थी, क्योंकि उसी दिन डीग में राजा मानसिंह पुलिस एनकाउंटर में मारे गए थे। कुलिशजी के कहने पर उसी रात मैं पत्रिका के बंडल ढोने वाली गाड़ी से डीग को निकला था। मिलापचंद डांडिया जी भी साथ गए थे। पत्रिका के शुरू के दिनों को याद करते हुए उन्होंने वह क़िस्सा बताया जब एक गोलेछा सेठ ने मदद के बहाने अख़बार पर क़ब्ज़े का षड्यंत्र रचा। कुछ रोज़ दो-दो राजस्थान पत्रिका निकलीं। दूसरी पर संपादक की जगह कुलिशजी का नहीं, किन्हीं भंवरलाल शर्मा का नाम छपा था। मुख्यमंत्री मोहनलाल सुखाड़िया से मिलकर कुलिशजी ने पत्रिका के लिए एक न्यास की बात की थी। गोलेछा विवाद अदालत में पहुँच गया। न्यायाधीश ने रात गए बापूनगर स्थित अपने निवास पर सुनवाई की और कुलिशजी वाली पत्रिका को मान्य ठहराया।

मैंने देखा कि लक्ष्मीनारायणजी अब भी पान-मसाला खाते थे। मैं उन्हें बिनमाँगी सलाह दे आया कि इसे अब तो छोड़ दीजिए।लेकिन वे जीवन ही छोड़ चले। उन्होंने सदा मन की की। जीवन अपनी शर्तों पर जिया। उनकी स्मृति को सादर नमन। हमारी पत्रकारिता के आधुनिक दौर में उनका योगदान कितना अहम था, जिन्होंने निकट से देखा वे भली-भांति जानते हैं। (स्मृतिसभा/तीये की बैठक कल गुरुवार को अपराह्न साढ़े तीन बजे तोतुका भवन, भट्टारकजी की नसियां, नारायण सिंह सर्कल पर रखी गई है।

लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।