बोकारो : शिक्षा के क्षेत्र में अपने विशिष्ट नेतृत्व, नवाचार और अनुकरणीय योगदान के लिए दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो के प्राचार्य डॉ. एएस गंगवार को प्रतिष्ठित इंटरनेशनल लीडरशिप अवार्ड 2026 से नवाजा गया है। भारत सरकार के नीति आयोग के अंतर्गत पंजीकृत सेंटर फॉर एजुकेशनल डेवलपमेंट (सीईडी) फाउंडेशन, नोएडा की ओर से मलेशिया के कुआलालंपुर स्थित ग्लोबल इंडियन इंटरनेशनल स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में यह सम्मान प्रदान किया गया है।

यह प्रतिष्ठित पुरस्कार शिक्षा जगत में असाधारण नेतृत्व और परिवर्तनकारी बदलाव लाने वाले शिक्षाविदों को दिया जाता है। इस उपलब्धि की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि दुनियाभर से प्राप्त सैकड़ों अंतरराष्ट्रीय प्रविष्टियों के बीच से कड़े मूल्यांकन के बाद केवल 25 विशिष्ट शैक्षिक नेतृत्वकर्ताओं का ही इस सर्वोच्च सम्मान के लिए चयन किया गया, जिसमें डॉ. गंगवार ने झारखंड से एकमात्र अपनी जगह बनाकर न केवल विद्यालय, बल्कि बोकारो और राज्य समेत समस्त भारतवर्ष का मान बढ़ाया है।

मलेशिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रिंस लर्निंग सेंटर, कुआलालंपुर के निदेशक और द थेम्स इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के शिक्षा विभाग के डीन डॉ. नासिर हुसैन अफीजाद्दीन उपस्थित रहे। वहीं सम्मानित अतिथि के रूप में बाइनरी यूनिवर्सिटी ऑफ मैनेजमेंट एंड एंटरप्रेन्योरशिप के उप-कुलपति (अनुसंधान एवं विकास) प्रो. डॉ. आसिफ महबूब करीम खास तौर से मौजूद रहे।
बुधवार को विद्यालय में जैसे ही प्राचार्य डॉ. एएस गंगवार को यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान दिए जाने की घोषणा हुई, पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। विद्यालय में आयोजित एक विशेष असेंबली के दौरान वरीय उप-प्राचार्य अंजनी भूषण ने सांकेतिक रूप से यह सम्मान प्राचार्य को भेंट किया और समस्त विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्राचार्य डॉ. गंगवार ने इस वैश्विक उपलब्धि का श्रेय अपनी पूरी टीम को दिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पूरे डीपीएस बोकारो परिवार के समेकित प्रयासों, समर्पण और आपसी सहयोग का प्रतिफल है। शिक्षकों की निष्ठा, विद्यार्थियों की लगन और अभिभावकों के अटूट विश्वास के बिना यह संभव नहीं था। यह गौरवशाली क्षण विद्यालय के प्रत्येक सदस्य की मेहनत का परिणाम है, जो हमें शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए निरंतर प्रेरित करता रहेगा।
उल्लेखनीय है कि अपने साढ़े तीन दशक से भी अधिक के समृद्ध शैक्षणिक कार्यानुभव के दौरान डॉ. गंगवार को बेहतरीन शैक्षणिक योगदान, कुशल नेतृत्व क्षमता और शिक्षा में नवाचार को प्रोत्साहन देने के लिए कई बार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है। इससे पूर्व भी उन्हें मॉरीशस, बैंकॉक, बांग्लादेश, पेरिस, काठमांडू, दुबई और नॉर्वे जैसे देशों में उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रतिष्ठित पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है।


