Ranchi News: राजधानी रांची में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवर और नकद उड़ा ले गए। दरअसल, कांके थाना क्षेत्र के बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (BAU) कैंपस में स्थित एक घर का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 20 लाख रुपये के गहने, नकदी और लाइसेंसी रायफल की चोरी कर ली। बताया जा रहा है, यह घर वेटरनरी विभाग में कार्यरत दीपू उपाध्याय का है। जिनका पूरा परिवार छठ मनाने बिहार गया हुआ था।

लाइसेंसी रायफल लेकर भाग गए चोर
जानकारी के मुताबिक, दीपू उपाध्याय का पूरा परिवार छठ को लेकर बिहार में था। घर बंद होने का फायदा उठाते हुए चोरों ने इस घटना को अंजाम दिया। चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुस आए और अलमारी समेत अन्य सामान खंगाल डाला। इस दौरान चोर करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने, 32 हजार रुपये नकद और एक लाइसेंसी रायफल लेकर भाग गए।

कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना का बता तब चला जब परिवार छठ मनाकर वापस लौटा तो घर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाने पर कमरों में सामान बिखरे पड़े थे। जिसके बाद उन्होंने तत्काल कांके थाना पुलिस को इसकी सूचना दी और लिखित शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही कांके थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस चोरी की वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। घटना के बाद कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े हो गए है।


