75 फीसदी धान की फसल अभी खेतों में, किसानों की बढ़ी चिंता
तूफान को लेकर सरकार की सबसे बड़ी चिंता किसानों की फसल है। मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि राज्य में अब तक करीब 25 प्रतिशत धान की कटाई हुई है, जबकि 75 प्रतिशत फसल अभी भी खेतों में खड़ी है।
ऐसे में लगातार बारिश होने पर किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसे देखते हुए मंत्री ने निर्देश दिया कि फसल क्षति की स्थिति में पंचायत और प्रखंड स्तर पर तत्काल सर्वे कराया जाए।
कृषि विभाग और जिला प्रशासन को संयुक्त रूप से नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों को सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया है।
निचले इलाकों से लेकर बिजली व्यवस्था तक अलर्ट
बैठक में संभावित भारी बारिश से निचले इलाकों में जलभराव, कच्चे मकानों को नुकसान, पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और ग्रामीण सड़कों पर असर पड़ने की आशंका पर चर्चा हुई।
मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को इन परिस्थितियों से निपटने के लिए पहले से तैयारी रखने का निर्देश दिया, ताकि आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्यों में देरी न हो।
अस्पतालों में दवाइयां और एंबुलेंस तैयार रखने का निर्देश
संभावित आपदा को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। सभी सिविल सर्जनों को अस्पतालों में पर्याप्त दवाइयां, चिकित्सक, एंबुलेंस और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया है।
मंत्री ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिलनी चाहिए।
मंत्री की लोगों से अपील, प्रशासन के निर्देशों का करें पालन
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि आपदा से होने वाले नुकसान को बेहतर तैयारी और समय पर कार्रवाई के जरिए कम किया जा सकता है। सरकार की प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा और किसानों के हितों की रक्षा करना है।
उन्होंने आम लोगों से मौसम विभाग और जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
फिलहाल झारखंड में संभावित मौसम प्रभाव को लेकर प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। आने वाले दिनों में मौसम की स्थिति और सरकारी तैयारियों पर सभी की नजर रहेगी।


