बार-बार बम की धमकी से दहशत में झारखंड! इस बार निशाने पर लातेहार सिविल कोर्ट, धनबाद को भी दोबारा मिली धमकी

झारखंड के लातेहार और धनबाद सिविल कोर्ट तथा जमशेदपुर के XLRI कॉलेज को साइबर अपराधियों ने बम धमकी दी, पुलिस ने सुरक्षा जांच और सतर्कता बढ़ा दी।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड में साइबर अपराधियों ने एक बार फिर दहशत फैला दी है। गुरुवार को लातेहार सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कोर्ट परिसर को खाली करवा दिया और तलाशी अभियान शुरू कर दिया। पुलिस डॉग स्क्वायड की मदद से पूरे परिसर की छानबीन की जा रही है। इसी बीच जानकारी मिली है कि साइबर अपराधियों ने गुरुवार को ही धनबाद सिविल कोर्ट को भी बम धमकी दी। इसके बाद पुलिस ने एहतियातन वहां भी सुरक्षा जांच शुरू कर दी। यह पहली बार नहीं है जब धनबाद सिविल कोर्ट को धमकी मिली हो। हालांकि, अब तक की जांच में किसी संदिग्ध वस्तु का पता नहीं चला है।

बताते चलें कि हाल के दिनों में रांची, जामताड़ा, बोकारो, धनबाद समेत कई जिलों के सिविल कोर्ट और जमशेदपुर स्थित XLRI कॉलेज को भी अज्ञात साइबर अपराधियों द्वारा धमकी दी गई है। इन धमकियों में कहा गया है कि स्थानों पर विस्फोटक लगाकर हमला किया जाएगा।

हालांकि, अब तक किसी भी जगह से किसी भी प्रकार का विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है और धमकी देने वाले अपराधियों का कोई सुराग भी नहीं मिला है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और साइबर सुरक्षा बढ़ाने के साथ ही कोर्ट परिसरों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। वहीं झारखंड पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से घबराएं नहीं और संदिग्ध किसी भी वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत अधिकारियों को दें।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।