
रांची: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय में शिक्षकेत्तर कर्मचारी संघ द्वारा चलाए जा रहे हड़ताल पर शनिवार को विराम लग गया है। अपनी दो प्रमुख मांगों पर सकारात्मक निर्णय होने के बाद कर्मचारी संघ ने आंदोलन वापस लेने की घोषणा की है।बताया गया कि कुलपति के प्रयास और पिछले दो दिनों से चल रही वार्ता के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन और कर्मचारी संघ के बीच सहमति बन सकी।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि एसीपी/एमएसीपी भुगतान को लेकर फाइनेंस कमेटी में प्रस्ताव पारित हो चुका है। सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद सोमवार को कर्मचारियों को इसका भुगतान कर दिया जाएगा।
कर्मचारी संघ की दूसरी मांग अनुबंध कर्मियों के सेवा विस्तार से जुड़ी थी। पहले इनका सेवा विस्तार तीन महीने तक सीमित कर दिया गया था, जिसे अब बढ़ाकर 11 महीने कर दिया गया है।
दोनों मांगों पर सहमति बनने के बाद कर्मचारी संघ ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की। संघ ने सभी कर्मचारियों से सोमवार से अपने-अपने कार्यस्थल पर लौटकर नियमित रूप से काम करने की अपील की है। साथ ही आंदोलन में सहयोग देने वाले कर्मचारियों, शिक्षक संघ और छात्रों के प्रति आभार भी व्यक्त किया है।
