
SIR 2026 : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार रांची जिला में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (EROs) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AEROs) द्वारा बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) एवं BLO सुपरवाइजरों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को बताया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इस अवधि में सभी BLO अपने-अपने मतदान क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे। मतदाताओं को पूर्व मुद्रित गणना प्रपत्र (Enumeration Forms – EFs) वितरित किए जाएंगे। मतदाताओं द्वारा भरे गए इन प्रपत्रों (EFs) को इसी समय-सीमा के भीतर वापस संग्रहित (कलेक्ट) भी किया जाएगा।
प्रशिक्षण में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों, प्रपत्रों के संधारण और समय-सीमा की विस्तृत जानकारी दी गई। सभी BLO और सुपरवाइजरों को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि वे प्राप्त गणना प्रपत्रों का पूरी शुद्धता के साथ संधारण करें। अपने कार्य की प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी कार्यालय को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं।
जिला प्रशासन ने इस विशेष अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने रांची के आम मतदाताओं से भी अपील की है कि जब BLO उनके घर आएं, तो वे उन्हें सही जानकारी देकर आवश्यक सहयोग प्रदान करें।

