
गोड्डा: गोड्डा जिले के देवडांड थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक ही परिवार के तीन सदस्यों को धारदार हथियार से बेरहमी से मार डाला गया। हमले के तुरंत बाद ही तीनों की मौत हो गई। इस ट्रिपल मर्डर ने पूरे इलाके में डर और आक्रोश फैला दिया है।
दो एंगल पर जांच कर रही पुलिस
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, इस हत्याकांड के पीछे दो मुख्य वजहें सामने आ रही हैं। एक ओर जमीन को लेकर पुराने विवाद की चर्चा है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों में डायन-बिसाही के शक के कारण इस वारदात को अंजाम देने की भी बात कही जा रही है। मृतकों में एक महिला और एक नाबालिग भी शामिल हैं, जिससे घटना की गंभीरता और बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस दोनों एंगल पर बराबर ध्यान दे रही है।
तीन संदिग्ध हिरासत में, गांव में डर का माहौल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में तेजी लाते हुए पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में भय का माहौल है। स्थानीय लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
