
रांची : राजधानी के धुरवा-डोरंडा थाना क्षेत्र में लूट की एक बड़ी घटना सामने आई है। मंगलवार की शाम डोरंडा स्थित एक किराना/डेली नीड्स दुकान ‘अपना मार्ट’ में चार अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर करीब 67 हजार रुपये लूट लिए।
जानकारी के अनुसार, चारों युवक हेलमेट पहनकर दुकान में घुसे थे, जिससे उनकी पहचान छिपी रही। अंदर प्रवेश करते ही उन्होंने दुकान संचालक को हथियार दिखाकर धमकाया और काउंटर से नकदी लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में अंजाम दी गई।
घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि चारों युवक तेजी से दुकान में प्रवेश करते हैं और कैश लेकर बाहर निकल जाते हैं। पुलिस ने CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर अपराधियों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में लगे अन्य CCTV कैमरों को भी खंगाला जा रहा है ताकि अपराधियों के भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम के समय इस तरह की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

