गढ़वा में भू-माफियाओं पर बड़ा एक्शन, पुलिस के रडार पर 60 से ज्यादा सफेदपोश

गढ़वा में भू-माफियाओं के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान शुरू, 60 से ज्यादा सफेदपोश रडार पर, अवैध संपत्ति और जमीन विवाद से जुड़े मामलों की जांच तेज।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Garhwa News : गढ़वा जिले में भू-माफियाओं के नेटवर्क को खत्म करने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। पलामू रेंज के डीआईजी के निर्देश पर गढ़वा पुलिस अब जमीन विवाद के जरिए अपराध को बढ़ावा देने वाले और अवैध कब्जे में शामिल लोगों पर शिकंजा कसने में जुट गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले में ऐसे 60 से अधिक लोगों की पहचान की गई है, जो कथित तौर पर जमीन के अवैध कारोबार और विवादित संपत्तियों से जुड़े मामलों में सक्रिय रहे हैं। इन लोगों पर कम समय में अवैध तरीके से बड़ी संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। पुलिस अब उनकी चल-अचल संपत्तियों का रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।

बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में गढ़वा में जमीन विवाद को लेकर हत्या, फायरिंग और रंगदारी जैसी कई गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। कुछ आरोपी पहले से जेल में बंद हैं, जबकि कई लोग फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस अब पूरे सिंडिकेट को तोड़ने की रणनीति पर काम कर रही है।

पलामू डीआईजी द्वारा गढ़वा एसपी को विशेष टास्क दिया गया है कि आपराधिक गतिविधियों में शामिल भू-माफियाओं की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस की तैयार सूची जल्द ही उच्च अधिकारियों को सौंपी जाएगी, जिसके बाद कुर्की-जब्ती समेत अन्य कानूनी कार्रवाई शुरू हो सकती है।

फिलहाल जिले में इस कार्रवाई को लेकर भू-माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है, जबकि पुलिस प्रशासन इसे कानून-व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम मान रहा है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।