हजारीबाग सदर अस्पताल में नवजात की मौत पर बवाल, परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का लगाया आरोप

हजारीबाग सदर अस्पताल में नवजात की मौत के बाद परिजनों का हंगामा, डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ पर इलाज में लापरवाही का आरोप, अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Sheikh Bhikhari Medical College Hospital : हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक नवजात बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बन गया और परिजनों ने जमकर हंगामा किया। बच्चे की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों के मुताबिक, बच्चा रातभर लगातार रो रहा था और सुबह उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। उल्टी होने के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने बच्चे को भर्ती करने की सलाह दी, जिसके बाद उसे वार्ड में एडमिट कराया गया।

मां का आरोप है कि भर्ती के बाद नर्सिंग स्टाफ ने सलाइन चढ़ाने के लिए कई बार नस खोजने की कोशिश की। इस दौरान बच्चे के हाथ में बार-बार सुई लगाई गई, जिससे उसकी हालत और बिगड़ती चली गई। काफी देर बाद सलाइन शुरू हुआ, लेकिन तब तक बच्चा सुस्त पड़ चुका था।

कुछ समय बाद डॉक्टरों ने परिजनों को बताया कि नवजात की स्थिति बेहद गंभीर है और उसे बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर करना पड़ेगा। हालांकि रेफर की प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही बच्चे की मौत हो गई।

घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने डॉक्टरों और नर्सों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई। वहीं ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों का कहना है कि बच्चा पहले से गंभीर हालत में था और मेडिकल प्रोटोकॉल के तहत उसका इलाज किया गया।

फिलहाल मामले को लेकर अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं और परिजन कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।