दशहरा से पहले शिक्षकों को मिले अक्टूबर का वेतन, JPSS ने सरकार से लगाई गुहार

झारखंड प्रगतिशील शिक्षक संघ ने दशहरा से पहले अक्टूबर 2026 का वेतन देने की मांग की। संघ ने वित्त विभाग से अविलंब आदेश जारी करने की अपील की।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

वित्त विभाग को पत्र लिखकर संघ ने की अविलंब आदेश जारी करने की मांग ; कहा—समय पर वेतन मिलने से शिक्षक परिवार के साथ मना सकेंगे त्योहार

रांची : 13 अक्टूबर. झारखंड प्रगतिशील शिक्षक संघ (JPSS) ने दशहरा पर्व से पहले राज्य के शिक्षकों एवं संबंधित कर्मियों को अक्टूबर माह का वेतन अग्रिम भुगतान करने की मांग की है। इस संबंध में संघ ने झारखंड सरकार के वित्त विभाग के प्रधान सचिव को पत्र लिखकर अविलंब आवश्यक आदेश जारी करने का आग्रह किया है।

संघ के प्रदेश अध्यक्ष आनंद किशोर साहू एवं प्रदेश महासचिव बलजीत कुमार सिंह की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि नवरात्रि का पर्व 11 अक्टूबर 2026 से प्रारंभ हो चुका है, जबकि दशहरा पर्व 20 एवं 21 अक्टूबर को मनाया जाना है। दशहरा राज्य के शिक्षकों एवं उनके परिवारों के लिए महत्वपूर्ण त्योहार है. इस अवसर पर पूजा-पाठ, पारिवारिक आवश्यकताओं तथा अन्य धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में अतिरिक्त खर्च होता है।

संघ ने कहा कि त्योहार के दौरान शिक्षकों को आर्थिक कठिनाइयों से बचाने और वेतन भुगतान में देरी के कारण होने वाली असुविधा को दूर करने के लिए दशहरा से पूर्व अक्टूबर माह के वेतन का भुगतान किया जाना आवश्यक है। समय पर वेतन मिलने से शिक्षक अपनी पारिवारिक जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से पूरा कर सकेंगे और परिवार के साथ हर्षोल्लास से त्योहार मना सकेंगे।

JPSS ने वित्त विभाग से अनुरोध किया है कि झारखंड राज्य के सभी शिक्षकों एवं संबंधित कर्मियों के अक्टूबर 2026 के वेतन का दशहरा से पूर्व अग्रिम भुगतान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश अविलंब जारी किए जाएं, ताकि सभी जिलों में समय पर वेतन भुगतान हो सके। संघ ने इस कार्य के लिए राज्य सरकार से सकारात्मक पहल करने की अपील की है. पत्र की प्रतिलिपि प्राथमिक शिक्षा निदेशक, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड, रांची को भी भेजी गई है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।