गिरिडीह : गिरिडीह जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में बाइक सवार दोनों युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बरडीहा निवासी प्रकाश तुरी के पुत्र सूरज तुरी (22 वर्षीय) और स्वर्गीय गुरु दास के पुत्र तुलसी दास के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि सूरज और तुलसी दोनों दोस्त थे। दोनों दोस्त अपने किसी दोस्त का बर्थडे मनाकर लौट रहे थे। उसी वक्त यह घटना हुई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने गिरिडीह-रांची मार्ग को जाम कर दिया। मृतक के पिता प्रकाश तुरी का कहना है कि घटना के बाद लोग सड़क पर थे। इस दौरान एक मंत्री का वाहन भी गुजरा। वाहन को नहीं रोका गया। उन्होंने कहा कि उसकी पहली मांग अज्ञात वाहन को खोजना है.
मामले की जानकारी मिलते ही डीसी, एसपी और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। सभी अधिकारियों ने लोगों को काफी समझाया और मुआवजे का भरोसा दिलाया। साथ ही फरार वाहन को पकड़ने का भरोसा दिलाया। तब जाकर सुबह करीब 3 बजे जाम हटा। दोनों के परिवारों में शोक का माहौल छा गया है और पुलिस फरार वाहन की तलाश में जुट गई है। पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया जाएगा।


