रांची: भारी उद्योग निगम (HEC) में कर्मचारियों के वेतन भुगतान और पदोन्नति (प्रमोशन) के मुद्दों को लेकर मजदूर संघ ने प्रबंधन के खिलाफ आक्रामक रुख अपना लिया है। एचईसी मजदूर संघ के महामंत्री रमाशंकर प्रसाद ने प्रबंधन को चेतावनी दी है कि यदि आगामी दुर्गा पूजा से पहले कर्मचारियों के वेतन का भुगतान और प्रमोशन से जुड़ी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो कारखाने का उत्पादन पूरी तरह ठप हो सकता है।

संघ की ओर से जारी बयान में मुख्य रूप से तीन बड़ी मांगें रखी गई हैं। आगामी त्योहारों के मद्देनजर सभी कर्मचारियों के वेतन का भुगतान बिना किसी देरी के सुनिश्चित किया जाए। पदोन्नति के लिए वर्तमान में निर्धारित 5 वर्ष की समयावधि को घटाकर 3 वर्ष किया जाए। वर्ष 2018 के बाद से वर्षों से अटकी हुई पदोन्नति प्रक्रिया को तुरंत शुरू कर कर्मियों को उनका हक दिया जाए।
महामंत्री ने कहा कि प्रबंधन की उदासीनता के कारण कर्मचारियों में गहरा आक्रोश है। यदि इन मांगों पर जल्द सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया, तो इससे कारखाने का उत्पादन सीधे तौर पर प्रभावित होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी एचईसी प्रबंधन की होगी।


