
रांची: विश्व मौखिक स्वास्थ्य दिवस के मौके पर सिविल सर्जन कार्यालय रांची में एक बड़ा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी एनसीडी सीमा गुप्ता ने किया। इस दौरान डॉक्टरों, गैर संचारी रोग टीम और एएनएम स्कूल की छात्राओं ने मिलकर प्रभात फेरी निकाली और लोगों को दांत और मुंह की सफाई के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को सही आदतें अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
प्रभात फेरी और संदेशों से लोगों को किया जागरूक
प्रभात फेरी के दौरान स्लोगन और संदेशों के जरिए लोगों को नियमित रूप से दांत साफ करने, संतुलित भोजन लेने और समय-समय पर दंत जांच कराने की सलाह दी गई। इस कार्यक्रम में वरिष्ठ दंत शल्य चिकित्सक उपा सिंह, जिला दंत चिकित्सक रोहित, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह और जिला एनसीडी कोषांग के कई कर्मचारी मौजूद रहे।
जिले भर में चलाया गया विशेष अभियान
इस अभियान के तहत 14 मार्च से 19 मार्च 2026 तक जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों जैसे एचडब्ल्यूसी, पीएचसी, सीएचसी और एसडीएच में स्वास्थ्य कर्मियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की दंत जांच की गई। इसके बाद 20 मार्च को सभी स्वास्थ्य संस्थानों और जिला अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक और प्रभात फेरी का आयोजन किया गया।
विशेष शिविरों में दी जाएंगी सेवाएं
इसके अलावा 21 मार्च से 14 अप्रैल 2026 तक विशेष शिविरों के माध्यम से वृद्धाश्रम, स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में दंत स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस दौरान आरबीएसके, एनटीसीपी और एनएमएचपी कार्यक्रमों के सहयोग से बच्चों और आम लोगों को दांतों की बीमारियों से बचाव और इलाज की जानकारी दी जाएगी।
मौखिक स्वास्थ्य है पूरे शरीर के लिए जरूरी
जिला नोडल पदाधिकारी सीमा गुप्ता ने कहा कि मुंह का स्वास्थ्य पूरे शरीर के स्वास्थ्य से जुड़ा होता है। अगर हम नियमित देखभाल करें तो ज्यादातर दांतों की बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे रोजाना दांत साफ करें और समय-समय पर जांच जरूर कराएं। इस अभियान के तहत सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में दंत जांच मुफ्त की जाएगी।
