
रांची : झारखंड की राजधानी रांची के रिम्स (राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान) से मरीजों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। अब यहां मरीजों को लगभग हर तरह की जरूरी जांच की सुविधा एक ही जगह उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे इलाज के लिए इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इन नई जांच सुविधाओं के शुरू होने से गंभीर बीमारियों का समय पर पता चल सकेगा और इलाज भी जल्दी शुरू हो पाएगा। इसका सबसे ज्यादा लाभ गरीब मरीजों को मिलेगा, जिन्हें अब तक निजी लैब में हजारों रुपये खर्च करने पड़ते थे।
ट्रॉमा सेंटर लैब में पहले से 24 घंटे जांच की सुविधा उपलब्ध है। अब इसमें कई नई और महंगी जांचें भी जोड़ी जा रही हैं। खास बात यह है कि कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों की जांच अब रिम्स में ही संभव होगी। जिन जांचों के लिए निजी लैब में 15 से 20 हजार रुपये तक खर्च करने पड़ते थे, वे अब मुफ्त या बेहद कम दरों पर उपलब्ध कराई जाएंगी। भविष्य में इन जांचों की कीमत बाजार से करीब 90 प्रतिशत तक कम रखने की योजना है।
नई शुरू होने वाली जांचों में CA-125, CA-19-9, एंटी-TPO, एंटी-CCP, मूत्र प्रोटीन जांच और RF टेस्ट शामिल हैं। इन जांचों के माध्यम से ओवरी कैंसर, पेट और पैंक्रियाज से जुड़े कैंसर, थायराइड, आर्थराइटिस और किडनी से जुड़ी बीमारियों की पहचान आसानी से हो सकेगी।
इन सुविधाओं का सीधा लाभ आयुष्मान भारत योजना और बीपीएल श्रेणी के मरीजों को मिलेगा। अब उन्हें जांच के लिए अलग-अलग जगह जाने की जरूरत नहीं होगी। एक ही परिसर में जांच और इलाज दोनों की सुविधा मिलने से समय और पैसे दोनों की बचत होगी।
