
रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) द्वारा झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 2025 के तहत सिविल सेवा नियुक्ति के लिए प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 19 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। यह परीक्षा रविवार को राज्य के विभिन्न जिलों में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी।
कुल 103 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित इस परीक्षा की पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी, जिसमें सामान्य अध्ययन प्रथम पत्र की परीक्षा ली जाएगी। वहीं दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें सामान्य अध्ययन द्वितीय पत्र शामिल रहेगा।
अभ्यर्थियों को पहली पाली के लिए सुबह 8 बजे तक और दूसरी पाली के लिए दोपहर 1 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य किया गया है।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र डाक द्वारा नहीं भेजे जाएंगे। सभी उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।

