Gumla news: गुमला जिले के रायडीह प्रखंड में वंदे मातरम् गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को विभिन्न स्थानों पर सामूहिक वंदे मातरम् गान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और एक साथ मिलकर वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया।
केपुर पंचायत के मुखिया चुईया कुजूर ने इस अवसर पर कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य “एक स्वर, एक लय, एक संकल्प और एक भारत” की भावना को जागृत करना है। इसके साथ ही इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को देश के स्वतंत्रता संग्राम में वंदे मातरम् के ऐतिहासिक योगदान से परिचित कराना भी है। सामूहिक गायन के दौरान गूंजे राष्ट्रगीत से पूरा वातावरण देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर हो उठा।
इस कार्यक्रम के दौरान केपुर पंचायत के मुखिया चुईया कुजूर, विद्यालय के प्रधानाचार्य दिवाकर सिंह, रामप्रित अग्रहरी, मनीष झा और शंभु अग्रहरी सहित कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


