Ramgarh Janata Darbar: रामगढ़ जिला मुख्यालय में शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त ऋतुराज ने की। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे आम लोगों ने डीसी के सामने अपनी-अपनी समस्याएं रखीं।
जनता दरबार में मुख्य रूप से सामाजिक सुरक्षा पेंशन, अबुआ आवास योजना, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, मुआवजा, रोजगार और नाली निर्माण से जुड़े कई आवेदन प्राप्त हुए। लोगों की समस्याएं सुनने के बाद डीसी ऋतुराज ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे पूरी संवेदनशीलता के साथ काम करें और सभी मामलों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जनता दरबार की शिकायतों की लगातार समीक्षा की जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न काटने पड़ें।


