जेल तालाब में उमड़ेगी 25 हजार श्रद्धालुओं की भीड़, बनारस के आचार्य करेंगे गंगा आरती, करमटोली में सोहराय जतरा का आकर्षण

रांची के जेल तालाब में छठ पर 25 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। बनारस के आचार्य गंगा आरती करेंगे, जबकि करमटोली में सोहराय जतरा आयोजित होगा।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: छठ महापर्व को लेकर राजधानी रांची के प्रमुख घाटों पर तैयारियां तेज हो गई हैं। जेल तालाब और करमटोली के साथ शहर के 73 तालाबों और जलाशयों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इंतजाम किए जा रहे हैं। जेल मोड़ स्थित जेल तालाब में इस बार 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। वहीं, करमटोली में छठ पूजा के साथ आयोजित होने वाला सोहराय जतरा भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेगा।

जेल तालाब छठ महापर्व पूजा समिति की ओर से व्रतियों की सुविधा के लिए 12 चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे। इसके अलावा दो मेडिकल टीमें तैनात रहेंगी। आयोजन की जिम्मेदारी समिति के करीब 200 सदस्य संभालेंगे। घाट को फूल-मालाओं और आकर्षक लाइटिंग से सजाया जाएगा। जेल चौक से टेकर स्टैंड तक विशेष सजावट की जाएगी। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए दो मुख्य द्वार बनाए जा रहे हैं, जिनमें एक छोटा और दूसरा बड़ा होगा। पूजा के लिए 1001 नारियल और सूप की व्यवस्था भी की गई है।

बनारस से आएंगे आचार्य, होगी गंगा आरती

जेल तालाब में छठ के अवसर पर विशेष गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए बनारस से आचार्यों को बुलाया जा रहा है। आरती में 24 सदस्यों की टीम शामिल होगी।

इस घाट पर कोकर, मोरहाबादी, रातू रोड, कर्बला, चर्च रोड और बरियातू से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। इस दौरान सफाईकर्मियों को चुनरी और प्रसाद देकर सम्मानित भी किया जाएगा। समिति के अध्यक्ष रोशन वर्मा, सचिव सुजीत कुमार, महासचिव नीरज वर्मा और कोषाध्यक्ष राहुल वर्मा समेत अन्य सदस्य आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं।

करमटोली में 35 वालंटियर और पांच तैराक रहेंगे तैनात

यंग हीरानागपुर करमटोली छठ पूजा एवं सोहराय जतरा समिति की ओर से यहां तीन घाटों पर व्यवस्था की जा रही है। समिति को उम्मीद है कि करीब 500 श्रद्धालु छठ पूजा में शामिल होंगे। श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए तीन मुख्य द्वार बनाए जाएंगे। व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए नारियल, दूध और फल की व्यवस्था रहेगी। इस दौरान करीब 51 किलो दूध का वितरण किया जाएगा। घाट पर सुरक्षा और व्यवस्था संभालने के लिए 35 वालंटियर के साथ पांच तैराक तैनात रहेंगे।

छठ के दूसरे दिन होगा सोहराय जतरा

छठ महापर्व के दूसरे दिन करमटोली में सोहराय जतरा का आयोजन किया जाएगा। इसमें नागपुरी कलाकार पवन पंकज अपनी प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम में रोशनी खलखो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। छठ पूजा समिति के अध्यक्ष रमण वर्मा और सोहराय जतरा समिति के अध्यक्ष कृष्णा मुंडा हैं। वार्ड-19 में होने वाले इस आयोजन को लेकर समिति के सदस्य तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

 

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।