रांची: छठ महापर्व को लेकर राजधानी रांची में खास तैयारियों की मांग उठने लगी है। पूर्व मंत्री एवं श्री महावीर मंडल के शंकर प्रसाद ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर छठ के दौरान शहर को आकर्षक विद्युत सजावट से रोशन करने और प्रमुख छठ घाटों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कराने का आग्रह किया है। इसके साथ ही उन्होंने शहर की जर्जर सड़कों की मरम्मत छठ से पहले कराने की मांग भी उठाई है।

शंकर प्रसाद ने अपने पत्र में कहा है कि झारखंड सरकार हर साल 25 दिसंबर को क्रिसमस के अवसर पर रांची के प्रमुख इलाकों में आकर्षक विद्युत सजावट कराती है। यह सराहनीय पहल है। इसी तरह छठ महापर्व के दौरान भी राजधानी के प्रमुख चौक-चौराहों, सड़कों और धार्मिक स्थलों को रोशनी से सजाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि छठ देश के प्रमुख लोक आस्था के पर्वों में से एक है और झारखंड की धार्मिक व सांस्कृतिक पहचान का अहम हिस्सा भी है। ऐसे में सभी पर्वों को समान सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से प्रमुख छठ घाटों पर छठव्रतियों और श्रद्धालुओं के ऊपर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कराने की व्यवस्था करने का भी आग्रह किया है।

अपर बाजार की आठ सड़कों की हालत चिंताजनक
शंकर प्रसाद ने पत्र में रांची की खराब सड़कों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने अपर बाजार क्षेत्र की आठ सड़कों की स्थिति पर चिंता जताते हुए उनकी जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। इनमें जालान रोड, महावीर चौक, श्रद्धानंद रोड, मैकी रोड, काली बाबू स्ट्रीट, आर्यपुरी, शिवपुरी और इंद्रपुरी की सड़कें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि छठ के दौरान व्रती महिलाएं और पुरुष नंगे पांव कई किलोमीटर पैदल चलकर घाटों तक पहुंचते हैं। ऐसे में टूटी और जर्जर सड़कों के कारण उन्हें काफी परेशानी होती है। रास्ते में चोट लगने का खतरा भी बना रहता है। इसलिए छठ महापर्व से पहले इन सड़कों की मरम्मत कराना जरूरी है।
संबंधित विभागों को निर्देश देने का आग्रह
शंकर प्रसाद ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से जनहित और धार्मिक आस्था से जुड़े इन मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने तथा संबंधित विभागों को जरूरी निर्देश देने का आग्रह किया है। उन्होंने अपने पत्र की प्रतिलिपि मुख्य सचिव, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव, रांची के उपायुक्त, सदर अनुमंडल पदाधिकारी और नगर आयुक्त को भी भेजी है।


