निशा भगत की मौत पर गरमाई सियासत, 18 नवंबर को बंद का ऐलान. BJP निकालेगी मशाल जुलूस

निशा भगत की मौत के मामले में सीबीआई जांच की मांग को लेकर भाजपा एसटी मोर्चा ने 18 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर बंद बुलाया है। इससे पहले मशाल जुलूस और कैंडल मार्च होंगे।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: आदिवासी नेता निशा भगत की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच और सीबीआई जांच की मांग को लेकर भाजपा अनुसूचित जनजाति (एसटी) मोर्चा ने आंदोलन तेज करने का फैसला किया है। मोर्चा ने 18 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल बंद का आह्वान किया है। इससे पहले 10 और 17 नवंबर को मशाल जुलूस निकाले जाएंगे, जबकि 11 नवंबर को आदिवासी महिलाएं कैंडल मार्च निकालेंगी।

सीबीआई जांच की मांग पर चरणबद्ध आंदोलन

भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि निशा भगत की मौत का मामला आदिवासी समाज की अस्मिता, सम्मान और न्याय से जुड़ा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक मामले की सीबीआई जांच की अनुशंसा नहीं होती और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। सन्नी टोप्पो के मुताबिक, 10 नवंबर को रांची महानगर, रांची पूर्वी, रांची पश्चिमी, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और खूंटी में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। इसके बाद 17 नवंबर को सभी संगठनात्मक मंडलों में मशाल जुलूस आयोजित किया जाएगा।

जवाबदेही तय करने की मांग

पूर्व विधायक रामकुमार पाहन ने कहा कि आदिवासी बेटियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने मामले में लीपापोती और पक्षपात की आशंका दूर करने के लिए सीबीआई जांच को जरूरी बताया। वहीं, भाजपा प्रवक्ता आरती कुजूर ने आदिवासी महिलाओं, सामाजिक संगठनों और युवाओं से आंदोलन में शामिल होने की अपील की। सन्नी टोप्पो ने बताया कि इससे पहले 7 नवंबर को राज्य के सभी 595 संगठनात्मक मंडलों में प्रदर्शन और पुतला दहन कर सीबीआई जांच की मांग उठाई गई थी। भाजपा नेताओं ने 18 नवंबर को प्रस्तावित बंद को शांतिपूर्ण और सफल बनाने की अपील की है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अशोक बड़ाईक, पिंकी खोया, रवि मुंडा, रेणु तिर्की और मुकेश भगत भी मौजूद थे।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।