Chaibasa news: पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत किरीबुरू थाना क्षेत्र के मंगला बाजार में सोमवार देर शाम शंकर गिरि की मोटरसाइकिल पार्ट्स की दुकान में अचानक आग लग गई। इस घटना से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
बाजार में मची अफरा-तफरी और पुलिस की त्वरित कार्रवाई
दुकान से ऊंची लपटें उठती देख आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही किरीबुरू थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। पानी के टैंकर की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।
नुकसान का आकलन बाकी
समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया और लपटें आसपास की अन्य दुकानों तक नहीं फैल पाईं। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि, आग की चपेट में आने से दुकान में रखे मोटरसाइकिल के पार्ट्स और अन्य सामान का कितना नुकसान हुआ है, इसका वास्तविक आकलन अभी सामने आना बाकी है।


