टाटीसिलवे रेलवे स्टेशन पर गांजा तस्करी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

रांची के टाटीसिलवे रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस से 15 किलो गांजा के साथ चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
रांची: झारखंड में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी कार्रवाई की है। रांची के टाटीसिलवे रेलवे स्टेशन पर छापेमारी कर चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से 15 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 7.5 लाख रुपये बताई जा रही है।

हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस में हुई कार्रवाई

जानकारी के मुताबिक, आरपीएफ की फ्लाइंग टीम रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में विशेष जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान शनिवार की रात मिली गुप्त सूचना के आधार पर टीम टाटीसिलवे स्टेशन पहुंची। यहां हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस के जनरल कोच में तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान चार संदिग्धों को गांजा के साथ पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के कुशीनगर निवासी जितेंद्र, सनी और वर्मा तथा बिहार के पश्चिम चंपारण निवासी विशाल यादव के रूप में हुई है।

ओडिशा से बिहार ले जा रहे थे गांजा

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के बलांगीर से खरीदा गया था। इसकी खेप बिहार के चंपारण इलाके में पहुंचाई जानी थी। पुलिस अब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।

चार मोबाइल और दस्तावेज भी जब्त

रांची के सहायक सुरक्षा आयुक्त प्रताप सिंह नेगी के निर्देशन में आरपीएफ ने चारों आरोपियों को बरामद गांजा, चार मोबाइल फोन और संबंधित दस्तावेजों के साथ जीआरपी रांची को सौंप दिया है। अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जीआरपी की ओर से की जा रही है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।