

सीबीआई जांच की मांग को लेकर चरणबद्ध आंदोलन
भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो ने कहा कि निशा भगत का मामला आदिवासी समाज की अस्मिता, सम्मान और न्याय से जुड़ा हुआ है। उन्होंने मांग की कि मामले की सीबीआई जांच की अनुशंसा की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। उनका कहना है कि जब तक इन मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।
सन्नी टोप्पो के मुताबिक, 10 नवंबर को रांची महानगर, रांची पूर्वी, रांची पश्चिमी, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और खूंटी में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। इसके बाद 17 नवंबर को सभी संगठनात्मक मंडलों में मशाल जुलूस आयोजित किया जाएगा।
आदिवासी महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाया
पूर्व विधायक रामकुमार पाहन ने कहा कि आदिवासी बेटियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने मामले में निष्पक्षता बनाए रखने और किसी भी तरह की पक्षपात की आशंका दूर करने के लिए सीबीआई जांच की जरूरत बताई।
वहीं, भाजपा प्रवक्ता आरती कुजूर ने आदिवासी महिलाओं, सामाजिक संगठनों और युवाओं से आंदोलन में भाग लेने की अपील की।
सात नवंबर को भी हुआ था प्रदर्शन
सन्नी टोप्पो ने बताया कि इससे पहले सात नवंबर को राज्य के सभी 595 संगठनात्मक मंडलों में प्रदर्शन और पुतला दहन किया गया था। इस दौरान भी निशा भगत मामले की सीबीआई जांच की मांग उठाई गई थी।
भाजपा एसटी मोर्चा के नेताओं ने 18 नवंबर को प्रस्तावित बंद को शांतिपूर्ण और सफल बनाने की अपील की है। प्रेस वार्ता में अशोक बड़ाईक, पिंकी खोया, रवि मुंडा, रेणु तिर्की और मुकेश भगत समेत अन्य नेता मौजूद थे।


