रांची : गोवर्धन पूजा के पावन पर्व पर सोमवार को शिवा फाउंडेशन की ओर से कांके- पिठौरिया स्थित बाड़ू नवा टोली के प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय प्रांगण गौशाला में एक विशेष गौ-सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “गौ-सेवा ही राष्ट्र सेवा है” के पवित्र संकल्प के साथ आयोजित इस अनुष्ठान में गौवंश के प्रति संस्था का अगाध सेवाभाव देखने को मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक रीति-रिवाजों और विधि-विधान के साथ हुई। इस अवसर पर गौशाला की विशेष साफ-सफाई करवाकर सैकड़ों गायों को अत्यंत सुंदर ढंग से सजाया गया। इसके पश्चात अतिथियों और संस्था के सदस्यों द्वारा गौमाता की विधिवत पूजा-अर्चना की गई और कपूर व दीपक जलाकर भव्य आरती उतारी गई। पूजा के उपरांत सभी गायों को प्रेमपूर्वक पौष्टिक और स्वादिष्ट आहार परोसा गया।

फाउंडेशन की ओर से गौवंश को हरा चारा, ताजी हरी सब्जियां, चौकर, चने, गुड़, रोटियां और विशेष रूप से तैयार किए गए पीठे खिलाए गए। सभी अतिथियों ने अपने हाथों से गौ-ग्रास देकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस गरिमामयी आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में शिवा फाउंडेशन के ट्रस्टी दीपक बंका और समाज सेविका दीपा बंका उपस्थित रहे।


