निशा भगत के पैतृक गांव पहुंचे सुदेश महतो, मौत की सीबीआई जांच की मांग की

आजसू अध्यक्ष सुदेश महतो ने निशा भगत के पैतृक गांव पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और उनकी मौत के मामले में निष्पक्ष सीबीआई जांच की मांग उठाई।

Archana Ekka
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो सोमवार को गुमला जिले के चैनपुर प्रखंड स्थित दिवंगत नेत्री निशा भगत के पैतृक गांव उरु बारुडीह पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल पिता और झारखंड आंदोलनकारी हांदू भगत सहित परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने परिजनों को इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया। श्री महतो के साथ पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी एवं मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत भी मौजूद थे।

इस अवसर पर श्री महतो ने कहा कि निशा भगत की फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। यह कोई सामान्य घटना नहीं है। पूरे घटनाक्रम की गंभीरता को देखते हुए इसकी निष्पक्ष जांच सीबीआई से कराई जानी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय हो।

उन्होंने कहा कि इस घटना ने हेमंत सरकार और पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली को कटघरे में खड़ा कर दिया है। राज्य सरकार पूरी तरह दिशाहीन हो चुकी है। आज प्रदेश में कोई भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार चिंताजनक होती जा रही है। ऐसा प्रतीत होता है कि शासन-प्रशासन पर सरकार का नियंत्रण कमजोर पड़ गया है और अधिकारी तथा माफिया मिलकर व्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं।

श्री महतो ने कहा कि आत्महत्या से पहले निशा भगत का फोन आने के बावजूद संबंधित थाना प्रभारी द्वारा समय रहते सक्रियता नहीं दिखाना बेहद गंभीर कर्तव्यहीनता का मामला है। यह घटना पुलिस-प्रशासन की संवेदनहीनता और जवाबदेही पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि राज्य सरकार की ओर से इस घटना पर संवेदना तक व्यक्त नहीं की गई।

श्री महतो ने मांग की कि दिवंगत निशा कुमारी भगत की मौत के पूरे घटनाक्रम की सीबीआई जांच कराई जाए, घटना से जुड़े सभी तथ्यों को सार्वजनिक किया जाए तथा जांच में जिनकी भी भूमिका या लापरवाही सामने आए, उनके विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव गोपीनाथ सिंह, गुमला जिला अध्यक्ष दिलीप नाथ साहू, विज्ञान सिंह सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।