हॉर्न बजाने पर विवाद बना मौत की वजह, 27 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या

रांची के तमाड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत रंगामाटी में दीपावली की रात कार का हॉर्न बजाने को लेकर हुए मामूली विवाद में 27 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
  • तमाड़ के रंगामाटी में दीपावली की रात खूनी संघर्ष, अस्पताल में इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम

रांची: दीपावली की रात सड़क पर साइड देने के लिए कार का हॉर्न बजाना एक युवक की मौत का कारण बन गया. तमाड़ थाना क्षेत्र के रंगामाटी में हॉर्न बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया. इस दौरान 27 वर्षीय कांगरेश महतो पर चाकू से हमला कर दिया गया. गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

मृतक के परिजनों के अनुसार, गोमियाकोचा विजयगिरि निवासी कांगरेश महतो दीपावली की रात चार-पांच रिश्तेदारों के साथ रंगामाटी स्थित वाइन शॉप पहुंचा था. वहां से शराब खरीदने के बाद सभी दुकान से कुछ दूरी पर बैठकर शराब पी रहे थे. इसी दौरान वहां से गुजर रही एक कार के चालक ने रास्ता देने के लिए हॉर्न बजाया. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.

परिजनों का आरोप है कि कार में पांच-छह लोग सवार थे. सड़क पर खड़े होने को लेकर कार सवारों ने गाली-गलौज शुरू कर दी. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी. इसी दौरान किसी ने कांगरेश महतो पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

घटना के बाद घायल कांगरेश को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. फिलहाल चाकू से हमला करने वाले आरोपी की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है. घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है.

हॉर्न बजाने जैसे मामूली विवाद में युवक की हत्या की घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है.

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।