गिरिडीह में यूको बैंक डकैती का खुलासा, तीन अपराधी गिरफ्तार, 5 करोड़ के सोने की लूट से जुड़ा मामला

गिरिडीह जिले के धनवार स्थित यूको बैंक में हुई पांच करोड़ रुपये के सोने और नकदी की डकैती के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले में धनवार चौक स्थित यूको बैंक में हुई करोड़ों रुपये की डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से हथियार, जिंदा कारतूस और लूट की घटना में इस्तेमाल किए गए वाहन भी बरामद किए गए हैं। सोमवार को गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया।
एसपी के अनुसार, बीते 5 नवंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे पांच हथियारबंद अपराधियों ने धनवार चौक स्थित यूको बैंक में धावा बोला था। अपराधियों ने बैंककर्मियों और ग्राहकों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया और लॉकर में रखे करीब पांच करोड़ रुपये के सोने के पैकेट के साथ 11.50 लाख रुपये नकद लूट लिए। वारदात के बाद अपराधी बाइक और स्कॉर्पियो से फरार हो गए थे।

पांच विशेष टीमों ने शुरू की जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर पांच विशेष जांच टीमों (SIT) का गठन किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से अपराधियों की पहचान शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को जमुआ थाना क्षेत्र के बरदबटिया गांव के पास अपराधियों के होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की। इसी दौरान अपराधियों की बाइक सड़क के गड्ढे के कारण अनियंत्रित होकर पलट गई। बाइक छोड़कर आरोपी जंगल की तरफ भागने लगे।

जंगल में तलाशी के दौरान तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाकर देवघर निवासी मोहम्मद रिजवान को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाकर रखा गया एक लोडेड पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

इसके बाद पुलिस ने बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बदवारा जंगल में छापेमारी कर गिरिडीह निवासी सुल्तान अली उर्फ रॉकी और देवघर निवासी आयुष पांडेय को गिरफ्तार किया। इनके पास से दो देसी कट्टे और कारतूस बरामद किए गए।

स्कॉर्पियो और दो बाइक जब्त

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर डकैती में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो और दो बाइक भी बरामद कर ली हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार मोहम्मद रिजवान और सुल्तान अली उर्फ रॉकी का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है।

लूटे गए सोने और नकदी की तलाश जारी

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही लूटे गए करीब पांच करोड़ रुपये के सोने और 11.50 लाख रुपये नकद की बरामदगी भी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।

फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए पुलिस ने तीन अतिरिक्त विशेष जांच टीमों का गठन किया है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान इस डकैती में शामिल अन्य अपराधियों और लूटे गए सामान के बारे में अहम सुराग मिल सकते हैं।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।