जामताड़ा में भीषण आग से कम्युनिटी हॉल तबाह, लाखों के नुकसान की आशंका

जामताड़ा के पास स्थित बांसकेटिया कम्युनिटी हॉल में भीषण आग लगने से पूरा भवन जलकर राख हो गया, जिससे लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
Jamtara news : पश्चिम बंगाल के सालानपुर ब्लॉक स्थित बांसकेटिया कम्युनिटी हॉल में भीषण आग लगने से पूरा भवन जलकर राख हो गया। इस घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग की वजह से स्थानीय लोगों को सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों के लिए मिलने वाली एक महत्वपूर्ण सुविधा खत्म हो गई है।
जानकारी के अनुसार, सुबह स्थानीय लोगों ने कम्युनिटी हॉल से धुआं निकलते देखा। कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं। इसकी सूचना मिलते ही स्थानीय युवक शिवशंकर रुज और आसपास के लोग आग बुझाने में जुट गए। हालांकि, आग तेजी से फैलने के कारण उनकी कोशिशें नाकाम रहीं और दमकल विभाग को सूचना दी गई।

बताया जा रहा है कि सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद आसनसोल से दमकल की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची। इसके अलावा चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना (सीएलडब्ल्यू) से भी दमकल की एक अन्य गाड़ी भेजी गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

महिलाओं के प्रशिक्षण का प्रमुख केंद्र था कम्युनिटी हॉल

बांसकेटिया कम्युनिटी हॉल स्थानीय लोगों के लिए काफी महत्वपूर्ण था। यहां शादी-विवाह, सामाजिक समारोह और विभिन्न बैठकों का आयोजन किया जाता था। इसके साथ ही डीवीसी की पहल पर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ब्यूटीशियन कोर्स सहित कई तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जाते थे।

आग की चपेट में आने से हॉल में रखे त्रिपाल और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह नष्ट हो गए। आग की अत्यधिक गर्मी के कारण भवन के बरामदे की पक्की छत को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

शॉर्ट सर्किट की आशंका

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, कालीपूजा के दौरान हुई इस घटना को लेकर पुलिस अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है।

कल्याणेश्वरी चौकी की पुलिस और दमकल विभाग ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों और नुकसान का वास्तविक आकलन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।