निशा भगत सुसाइड केस: पिता ने थानेदार समेत 3 लोगों के खिलाफ दी शिकायत, FIR से एक नाम गायब!

निशा भगत की मौत के मामले में पिता की शिकायत और एफआईआर के बीच अंतर सामने आया है। थानेदार का नाम नामजद आरोपियों से हटाने और सूचना में देरी पर परिजनों ने सवाल उठाए।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत के मामले में पिठौरिया पुलिस की कार्रवाई सवालों के घेरे में है। निशा के पिता हन्दु भगत ने थानेदार सतीश पांडे समेत तीन लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की थी। लेकिन जब एफआईआर दर्ज हुई, तो उसमें थानेदार का नाम बतौर नामजद आरोपी शामिल नहीं किया गया। पुलिस ने अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा को नामजद आरोपी बनाया, जबकि सतीश पांडे का नाम अज्ञात में दर्ज कर दिया। हैरानी की बात यह है कि इस बदलाव की जानकारी पीड़ित परिवार को भी नहीं दी गई।

पीड़ित पिता के मुताबिक, उन्होंने 6 नवंबर को ही पिठौरिया थाने में लिखित शिकायत दी थी। आवेदन में थानेदार सतीश पांडे, अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के नाम स्पष्ट रूप से दर्ज थे। इसके बावजूद प्राथमिकी दर्ज करने वाले थाने के दारोगा सुनील कुमार दास ने केवल दो लोगों को नामजद आरोपी बनाया। हन्दु भगत ने बताया कि उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि शिकायत में नाम दिए जाने के बावजूद थानेदार का नाम एफआईआर से कैसे हटा दिया गया। उन्होंने आवेदन में अपना मोबाइल नंबर भी दर्ज कराया था, लेकिन अब तक उन्हें प्राथमिकी से जुड़ी कोई जानकारी नहीं दी गई है।

घटना की सूचना मिलने के समय पर भी सवाल

एफआईआर में घटना की जानकारी पुलिस को मिलने की तारीख और समय को लेकर भी परिजनों ने सवाल उठाए हैं। प्राथमिकी के अनुसार, घटना 6 नवंबर को दोपहर 1:20 बजे हुई थी, जबकि पुलिस को इसकी सूचना 7 नवंबर को दोपहर 3:30 बजे मिली। इस हिसाब से घटना के करीब 26 घंटे बाद पुलिस को सूचना मिलने की बात एफआईआर में दर्ज है। वहीं, निशा के पिता का कहना है कि उन्होंने 6 नवंबर को ही थाने में लिखित शिकायत दे दी थी। ऐसे में परिजन सवाल उठा रहे हैं कि जब उसी दिन शिकायत दी गई थी, तो एफआईआर में पुलिस को सूचना मिलने का समय अगले दिन का क्यों दर्ज किया गया।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।