Jharkhand Weather News: झारखंड में ठंड ने दस्तक दे दी है। सुबह और रात के दौरान ओंस गिरने से राज्य में कनकनी बढ़ गई है। लेकिन, दिन के वक्त धूप निकलने से तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज 10 नवंबर को राज्य के कई जिलों में बादल छाए रहने का अनुमान है। वहीं, कहीं-कहीं गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है। बताया जा रहा है कि, 12 नवंबर को मौसम साफ होगा। आसमान में बादल छंटने से आने वाले में दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जी सकती है।

इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, आज गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, रांची, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम जैसे 15 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, आज राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। जमशेदपुर में अधिकतम 30 और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

कई शहरों में बढ़ा वायु प्रदूषण
इधर ठंड बढ़ने के साथ ही राज्य के कई शहरों में वायु प्रदूषण भी बढ़ गया है। बोकारो का AQI 195, जमशेदपुर का 194 और रांची का 154 तक दर्ज किया गया है। इसके अलावा हजारीबाग का AQI 80, गिरिडीह का AQI 80, देवघर का AQI 73, धनबाद का 67 तक रिकॉर्ड किया गया।


